छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, बिलासपुर-सर्गुजा में विशेष चेतावनी
24 जुलाई को बनेगा निम्न दबाव क्षेत्र, मौसम रहेगा बेहद सक्रिय
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है।मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका जम्मू से लेकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली है। साथ ही दक्षिण ओडिशा में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर मध्य कर्नाटक से आंध्र प्रदेश तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ में बारिश को और तेज कर रही है।मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं कुछ इलाकों में भारी वर्षा और वज्रपात की आशंका है। खासकर दक्षिण और पूर्वी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के प्रबल संकेत मिले हैं।24 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें