रंजिश पर शराब में मिलाई जहर, भरोसा जीतने पहले साथियों को पिला दी, दोनों की हो गई मौत, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर जिले में पिछले दिनों शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई थी। जांच में जानकारी मिली कि पुरानी रंजिश पर आरोपी कीटनाशक मिलाकर शराब पिलाने अपने दुश्मन के लिए लाया था। दुश्मन ने जब शराब पीने से संदेह व्यक्त किया तो वही बैठे अपने दो साथियों को पहले भरोसा दिलाने जहरीली शराब पिला दी। जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है l
जांजगीर। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम भटली में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया था।जांच में पता चला कि गांव के ही व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते शराब में जहर मिलाकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103 के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांजगीर-चांपा एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि छह मार्च को ग्राम भटली निवासी सीताराम लहरें (65) और रोहित कुमार तेंदुलकर (25) ने शराब पी थी। जिसके बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने जब इस मामले की गंभीरता से जांच की, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कीटनाशक जहर मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, जिनसे पता चला कि आरोपी रामगोपाल खूंटे (34) ने पुरानी रंजिश के कारण सुंदरलाल कुर्रे को शराब पिलाने की कोशिश की थी। जब सुंदरलाल ने शराब की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए पीने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने वहीं बैठे सीताराम लहरें और रोहित कुमार तेंदुलकर को शराब दे दी, जिसे पीने के बाद उनकी मौत हो गई।
पूछताछ में पता चला कि रामगोपाल और सुंदरलाल के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते वह सुंदर को जहर मिली शराब पिलाना चाहता था। जब उसने शराब पीने से इन्कार किया तो भरोसा जीतने के लिए साथियों को जहर मिली शराब पीने के लिए दी। इसके पीते ही दोनों की तबीयत बिगड़ गई। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल दाखिल किया गया है।