शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 लोग और 81 वाहनों पर हुई ताबड़तोड़ कार्यवाही

शहरी थाना के सभी प्रमुख जगहों एवं सभी ग्रामीण थाना में हुई चेकिंग
बिलासपुर ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी राजेन्द्र कुमार जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को हतोत्साहित करने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में बिलासपुर के प्रमुख चौराहों में, सभी ग्रामीण थानों में सरप्राइज चेकिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में शाम 6 बजे से 9 बजे तक तथा शहरी क्षेत्रों में रात्रि 11 बजे से 12:30 बजे तक सरप्राइज वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना नंबर, गलत तरीके से लिखे गये नंबर प्लेट, प्रेशर हार्न, संदेहास्पद वाहन, बिना सीट बेल्ट, काली फिल्म एवं संदिग्धों की जाँच कर ताबड़तोड़ कार्यवाही की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 81 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही कर कुल 30,100 रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया। इसके साथ शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 लोगों पर भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत कार्यवाही की गई, जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

वाहनों की सरप्राईज चेकिंग का उद्देश्य अपराधिक गतिविधि वाले व्यक्तियों पर अंकुश लगाना तथा ड्रिंक एंड ड्राइव से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाना तथा लोगों के द्वारा यातायात नियमों का पालन किया जाना सुनिश्चित करना है।

वर्जन
शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले,और ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालो के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।इसमें कार्रवाई की जा रही है।
रामगोपाल करियारे
एएसपी ट्राफिक थाना