अपराधियों पर नियंत्रण बाबत, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों के विरुद्ध दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान जारी, तीन दिनों में 274 वारंटों का हुआ निष्पादन
विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर कुल 107 गिरफ्तारी वारंट एवं 167 स्थायी वारंट हुए तामील
दुर्ग – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में 05, 06 एवं 07 जुलाई 2026 को जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस टीमों द्वारा वारंटियों के निवास, रिश्तेदारी, संभावित ठिकानों एवं अन्य स्थानों पर सघन तलाश की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सहायता एवं स्थानीय सूचना संकलित कर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
विशेष अभियान के दौरान कुल 107 गिरफ्तारी वारंट तथा 167 स्थायी वारंट तामील किए गए। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 274 वारंटों का सफल निष्पादन करते हुए संबंधित वारंटियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह अभियान लंबित वारंटों के प्रभावी निष्पादन, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, न्यायालयीन आदेशों के पालन तथा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। दुर्ग पुलिस द्वारा ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।