Blog

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसला यात्री, प्लेटफॉर्म पर गिरा हालत गंभीर

साउथ बिहार एक्सप्रेस में हादसा, रेलवे की लापरवाही उजागर समय पर मदद से बची जान

बिलासपुर ।रेलवे स्टेशन पर साउथ बिहार एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहे यात्री की जान जाते-जाते बची। प्लेटफॉर्म नंबर 1 से ट्रेन रवाना हो रही थी तभी जनरल कोच में चढ़ते वक्त वह फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा। कोच में मौजूद यात्रियों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ट्रेन मैनेजर ने प्रेसर ड्रॉप कर ट्रेन को रोक दिया और घायल को बाहर निकाला गया।घायल की पहचान सिकंदर यादव विदेशी टोला, गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है, जिसके पास रायपुर से पटना का टिकट था। गंभीर रूप से घायल यात्री को ई-लाइट अस्पताल की एम्बुलेंस से सिम्स हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद जीआरपी और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की। घटना के कारण ट्रेन करीब 32 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।यात्री का सामान और टिकट जीआरपी थाना बिलासपुर में सुरक्षित रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय पर ट्रेन नहीं रोकी जाती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस पूरे मामले ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने के खतरों को उजागर किया है।हालांकि घटना ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की पोल भी खोल दी है। मौके पर मौजूद यात्रियों का आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा कर्मी नदारद थे और ट्रेन रवाना होते समय भी कोई गार्ड यात्रियों को सावधान नहीं कर रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *