Blog
अम्बिकापुर-हजरत निज़ामुद्दीन साप्ताहिक एक्सप्रेस का द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में परिचालन प्रारम्भ

सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर किया ट्रेन को रवाना।
बिलासपुर –
रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार यात्री सुविधाओं का क्रमिक विकास एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है । इसी क्रम में रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 22407/22408 अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर साप्ताहिक एक्सप्रेस की सेवा आवृत्ति में वृद्धि कर द्वि-साप्ताहिक किया गया है । आवृत्ति वृद्धि के बाद यह ट्रेन निजामुद्दीन से 04 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार तथा अम्बिकापुर से आज 06 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को सप्ताह में दो दिन संचालित किया जा रहा है ।
इस रेल सेवा के अम्बिकापुर स्टेशन से द्वि-साप्ताहिक रूप में संचालन के प्रथम प्रस्थान का शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया। इस ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज, माननीया महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर अम्बिकापुर स्टेशन में जनप्रतिनिधिगण, रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सांसद चिंतामणि महाराज ने अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस की सेवा आवृत्ति में वृद्धि को क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत सुखद पल बताया । उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के फेरे बढ़ने से अम्बिकापुर एवं सरगुजा अंचल सहित इस रेलमार्ग से जुड़े विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को देश की राजधानी के लिए आवागमन की अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।