अवैध महुआ शराब बेचने वाले माफियाओं पर पुलिस की कार्रवाई,गांव-गांव में छापा, शराब कारोबारियों में हड़कंप

सीपत से कोटा तक पुलिस का शिकंजा
90 लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारियों की कमर तोड़ने की कोशिश की है। सीपत, तखतपुर और कोटा थाना पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर भारी मात्रा में महुआ शराब और देशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा और प्रहार अभियान के तहत पुलिस लगातार अवैध नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। शनिवार को हुई कार्रवाई ने साफ संकेत दिया कि गांवों और आउटर इलाकों में चल रहे महुआ शराब के नेटवर्क अब पुलिस के सीधे निशाने पर हैं।

सीपत में दो शराब कोचिया पकड़ाए
सीपत थाना पुलिस ने ग्राम धौराकोना में रेड कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मंजय धनवार और होरीलाल धनवार को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से करीब 25 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 6300 रुपए बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जिसके बाद टीम ने लीलागर नदी के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा।
तखतपुर में अवैध महुआ शराब बेचने वाले पर कार्रवाई
तखतपुर पुलिस ने बेलसरी नाका चौक के पास घेराबंदी कर बाइक से शराब खपाने निकले आरोपी रवि बर्मन को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 32 नग देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 6 लीटर और कुल कीमत 32 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में ग्राहकों की तलाश करते हुए शराब सप्लाई कर रहा है।
कोटा में भी हुई कार्रवाई
इसी कड़ी में कोटा पुलिस ने ग्राम लमकेना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए परसराम खांडे को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 प्लास्टिक पॉलीथिन में भरी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अवैध शराब बिक्री के जरिए धन कमाने में लगा था।
तीनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध शराब कारोबार, सप्लाई नेटवर्क और गांवों में चल रहे कच्ची महुआ शराब के धंधे पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार हो रही रेड कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।