Blog

आईजी बोले,फर्जी सिम बेचने वालों पर तत्काल करे एफआईआर

आईजी ने ली बिलासपुर रेंज के साइबर थानों की समीक्षा बैठक

साइबर शिकायतों पर 24 घंटे में कार्रवाई, फर्जी सिम बेचने वालों पर एफआईआर के आदेश

बिलासपुर। साइबर अपराधों पर नकेल कसने और पीड़ितों को त्वरित राहत देने के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग ने रेंज कार्यालय के मीटिंग हॉल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेंज के सभी जिलों के साइबर थानों के नोडल एएसपी और डीएसपी साइबर थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी उपस्थित रहे।आईजी के इस बैठक में 6 महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

सभी थानों के लिए ‘डेली लॉगिन’ अनिवार्य

अब सिर्फ साइबर थाना ही नहीं, रेंज के सभी सामान्य थाने भी रोजाना नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। पोर्टल पर आई शिकायत को उसी दिन एक्सेप्ट कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। लंबित प्रकरणों का बिना विलंब निपटारा सुनिश्चित करने कहा गया।

फर्जी सिम बेचने वाले पीओएस एजेंटों पर कड़ी कार्रवाई

फर्जी और संदिग्ध सिम एक्टिवेट करने वाले पीओएस एजेंटों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी करने के आदेश दिए। पुलिस मुख्यालय से मिली म्यूल अकाउंट की सूची – बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया।

15 दिन में पीड़ितों का पैसा वापस

बैंकों में होल्ड राशि को पीड़ितों के खाते में जल्दी वापस कराने के लिए धारा 106 / कोर्ट ऑर्डर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। 15 दिन से ज्यादा पुराने बैंक होल्ड केसों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा। बैंक समन्वय में पुलिस अपने स्तर पर फाइल पेंडिंग नहीं रखेगी।

ठगी के डिजिटल हथियार होंगे ब्लॉक

साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस, व्हाट्सप और टेलीग्राम अकाउंट्स को प्राथमिकता से ब्लॉक कराया जाएगा। इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय भेजी जाएगी।

समन्वय पोर्टल’ पर डेटा अपलोड जरूरी

गिरफ्तार सभी साइबर अपराधियों का ब्योरा, फिंगरप्रिंट और एफआईआर स्टेटस ‘समन्वय पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।

साइबर वालंटियर्स की भर्ती तेज

पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर जन-जागरूकता के लिए स्थानीय युवाओं को जोड़ा जाएगा।

आईजी का सख्त संदेश

आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा,बैठक का मूल उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिसिंग को पारदर्शी व त्वरित बनाना है। सभी अधिकारी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देकर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें, ताकि थानों में प्रकरणों का त्वरित निराकरण हो और जनता को सीधा लाभ मिले।”_
उन्होंने सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा एवं रेंज साइबर थाना का स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *