Blog

आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया जांजगीर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

बेहतर पुलिसिंग और संवेदनशील व्यवहार पर दिया जोर

जांजगीर-चांपा। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने आज जिला जांजगीर-चांपा पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड की सलामी और टर्नआउट चेक से हुई, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
परेड के बाद पुलिस दरबार लगाया गया, जहां आईजी ने जवानों की समस्याएं सुनीं और थानों में आने वाले पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जुआ, सट्टा और अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
आईजी ने रक्षित केंद्र की वाहन, स्टोर और आर्म्स शाखा का निरीक्षण किया और एसपी कार्यालय में सेवा पुस्तिका, अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन, बजट और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।
जिम और यातायात भवन का शुभारंभ
पुलिस लाइन में नवनिर्मित पुलिस जिम और जीर्णोद्धार किए गए यातायात शाखा भवन का उद्घाटन किया गया।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मुलाकात
निरीक्षण के बाद आईजी ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मिलकर हौसला बढ़ाया और मेहनत, अनुशासन और पौष्टिक खान-पान की सलाह दी।


राहवीरों का सम्मान
ड्रीम पॉइंट होटल में आयोजित कार्यक्रम में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान और महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी ने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25,000 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाती है और उसे कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। साइबर सुरक्षा को लेकर डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अनजान लिंक से सावधान रहने और OTP शेयर न करने की अपील की।
बाद में थाना चांपा का निरीक्षण कर थाना प्रभारी को सामुदायिक पुलिसिंग, पुराने लंबित मामलों के निराकरण और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी विजय कुमार पांडेय, एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क, ट्रैफिक एडिशनल एसपी उदयन बेहार सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *