उत्कृष्ट पुलिस कार्य पर सम्मान, आरक्षक धर्मेंद्र साहू को मिला विशेष पुरस्कार

सीएसपी गगन कुमार ने अपने वेतन से ₹1000 नगद देकर बढ़ाया मनोबल
बिलासपुर । तोरवा थाना में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र साहू को उनके उत्कृष्ट और समर्पित पुलिस कार्य के लिए सम्मानित किया गया।सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार द्वारा उन्हें कार्यालय में बुलाकर व्यक्तिगत रूप से ₹1000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। यह राशि सीएसपी ने अपने स्वयं के वेतन से देकर आरक्षक का मनोबल बढ़ाया और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।आरक्षक धर्मेंद्र साहू ने बीते समय में उल्लेखनीय कार्य करते हुए करीब 21 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया। इनमें कई मामले दूसरे राज्यों—चेन्नई, पुणे, मुंबई, दिल्ली, बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश—से संबंधित थे, जहां जाकर उन्होंने गुम इंसानों का पता लगाया और सकुशल वापस लाने में अहम भूमिका निभाई।इसके अलावा उन्होंने 18 मामलों में नाबालिग लड़कियों की बरामदगी कर आरोपियों को जेल भिजवाया। वहीं 3 बलात्कार के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, 3 मामलों में इलाके में चाकूबाजी करने वाले आरोपियों की धरपकड़ तथा 4 बड़े मामलों में करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।सीएसपी ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस सेवा में समर्पण और मेहनत करने वाले जवानों को प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले आरक्षकों और अधिकारियों को समय-समय पर सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि पुलिस बल में सकारात्मक ऊर्जा और जनता के प्रति सेवा भाव और मजबूत हो सके।