मेयर इन काउंसिल की बैठक में 19 प्रस्तावों पर चर्चा, विकास कार्यों को मिली मंजूरी
बिलासपुर में 70 करोड़ की योजनाओं की रूपरेखा तय, प्रस्ताव शासन को भेजे गए
बिलासपुर।नगर निगम के सभाकक्ष में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 19 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें शहर के विकास से जुड़े कई अहम कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आने वाले समय में बिलासपुर में विकास की रफ्तार को तेज करना रहा, जिसके लिए एक ठोस रूपरेखा भी तैयार की गई।काउंसिल की बैठक में अरपा रामसेतु से शनिचरी अरपा तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य, सिरगिटी बन्नाक चौक में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण, विभिन्न क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण, व्यावसायिक परिसरों का विकास, विद्युतीकरण कार्य, गोकुलधाम क्षेत्र का उन्नयन, कर फुटपाथ निर्माण, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा दो मोहनी एसपी मार्ग से संबंधित योजनाओं को शामिल किया गया। इन सभी योजनाओं की कुल लागत लगभग 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर शासन के पास भेजने का निर्णय लिया गया।इसके अलावा शहर में जिन प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं सुधार कार्य प्रस्तावित है, उनकी विस्तृत रूपरेखा भी बैठक में प्रस्तुत की गई। काउंसिल ने इन प्रस्तावों को भी स्वीकृति देते हुए आगे की प्रक्रिया के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इन प्रस्तावों को नगर निगम की सामान्य सभा में रखा जाएगा और फिर अंतिम अनुमोदन के लिए पुनः शासन को भेजा जाएगा।गौरतलब है कि इस बार मेयर इन काउंसिल की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सभी सदस्यों की सहमति से सभी प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।