उसलापुर स्टेशन पर अब 24 घंटे खुला रहेगा रेल कोच रेस्टोरेंट,रात 10 बजे के बाद भी यात्रियों को मिलेगा गर्म खाना-नाश्ता

देर रात आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को राहत
बिलासपुर। शहर के प्रमुख रेलवे केंद्र के रूप में विकसित हो चुके उसलापुर स्टेशन पर यात्रियों को अब देर रात खान-पान की परेशानी नहीं होगी। रेलवे ने यहां संचालित रेल कोच रेस्टोरेंट को 24 घंटे खुला रखने का फैसला किया है। पहले रेस्टोरेंट रात 10 बजे बंद हो जाता था। अब देर रात से सुबह तक ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को स्टेशन पर ही गर्म खाना और नाश्ता उपलब्ध हो सकेगा।
उसलापुर से दिन-रात कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें गुजरती हैं। शहर के आउटर क्षेत्र में होने के कारण देर रात यहां आने-जाने के साधन भी सीमित रहते हैं। ऐसे में यात्री अक्सर ट्रेन के निर्धारित समय से 1-2 घंटे पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं। रात 10 बजे के बाद खान-पान की सुविधा बंद होने से यात्रियों को परेशानी होती थी। 24 घंटे रेस्टोरेंट खुलने से अब यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
रात 10 बजे के बाद भी दर्जनभर से ज्यादा ट्रेनें
उसलापुर स्टेशन पर रात 10 बजे के बाद ट्रेनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। रात 10:25 बजे दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस की 18205 और 18201 तथा दुर्ग-कानपुर बेतवा एक्सप्रेस 18203 का आवागमन होता है। इसके बाद बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस 18236 रात 10:30 बजे रवाना होती है।
देर रात 11:20 बजे दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस 15160, रात 1:20 बजे भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस 18235 और तड़के 2:25 बजे गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 15232 पहुंचती है। इसके बाद सुबह 4 बजे चिरिमिरी-बिलासपुर 18258, 5:40 बजे छपरा-दुर्ग सारनाथ 15159, 6:10 बजे अमरकंटक एक्सप्रेस 12854, 6:20 बजे गरीबरथ एक्सप्रेस 12535, 7:45 बजे हमसफर एक्सप्रेस 22868 और 8:05 बजे रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस 18248 का आवागमन होता है।
कई ट्रेनें बिलासपुर स्टेशन नहीं जातीं
उसलापुर से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें बिलासपुर मुख्य स्टेशन नहीं जातीं। इसके कारण यात्रियों को पहले ही उसलापुर पहुंचना पड़ता है। रात 10 बजे के बाद ट्रेनों की लगातार आवाजाही के चलते इस समय स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी रहता है। ऐसे में 24 घंटे खान-पान की सुविधा यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
वर्जन
रात के वक्त उसलापुर से बड़ी संख्या में ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें से अधिकांश ट्रेनें बिलासपुर स्टेशन नहीं जातीं, इसलिए यात्रियों को यहां पहले से आना पड़ता है। यात्रियों की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेल कोच रेस्टोरेंट को 24 घंटे खोलने का विकल्प दिया जा रहा है।
अनुराग कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम, बिलासपुर