Blog

एमबीए पास गांजा तस्कर का बड़ा खेल,स्लीपर बस में 245 किलो गांजा…1.22 करोड़ का माल जब्त….

1.22 करोड़ का माल जब्त

बिलासपुर/जीपीएम। पढ़ाई में एमबीए की डिग्री, हाथ में करीब 50 लाख रुपये की स्लीपर बस और उसी बस के जरिए करोड़ों रुपये के गांजे का परिवहन करना आश्चर्य की बात है।पेंड्रा पुलिस की कार्रवाई में गांजा तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने जगुआर ट्रैवल्स की 44 सीटर स्लीपर बस से 245 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में बस मालिक-सह-चालक दिलीप कुमार हिडियां और उसके सहयोगी भीमसेन केवट को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल एसपी मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन तथा एएसपी अविनाश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पेंड्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि मलकानगिरी, ओडिशा से यात्री बस के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटमी क्षेत्र में बस क्रमांक ओडी 30 डी 0606 को रोककर तलाशी ली। बस की तलाशी में 49 पैकेटों में 245 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार बस का मालिक दिलीप कुमार हिडियां, निवासी नायपुरा, माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा ही बस चला रहा था। उसके साथ धनौरा मौहरपारा, मरवाही निवासी भीमसेन केवट भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल बस भी जब्त की गई है।

एमबीए की पढ़ाई, फिर गांजा तस्करी का आरोप

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पुलिस के अनुसार बस मालिक-सह-चालक दिलीप के पास एमबीए की डिग्री है। मतपब उच्च शिक्षा प्राप्त व्यक्ति द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ के परिवहन का आरोप सामने आया है। पुलिस के मुताबिक बस कोई नियमित डेली सर्विस वाली बस भी नहीं थी। प्रारंभिक पूछताछ में दिलीप ने गांजा मलकानगिरी से कोरबा और जीपीएम क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाने की बात बताई है।

भीमसेन कटघोरा से बस में सवार होकर पूरा रास्ता बताया

पुलिस के अनुसार तस्करी का रूट मलकानगिरी, बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा, पसान होते हुए पेंड्रा तक बताया गया है। भीमसेन कटघोरा से बस में सवार हुआ था और आगे का रास्ता बताने में चालक की मदद कर रहा था।मामले में एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है। अब पुलिस गांजा सप्लाई करने वाले सप्लायर, खरीदार और रिसीवरों के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पूछताछ और जांच आगे बढ़ा रही है।

नेटवर्क से जुड़े लोगो की तलाश जारी

एसपी का कहना है कि इस मामले में नेटवर्क से जुड़े और संपर्क मे रहने वाले लोगों की जांच की जा रही है।मोबाइल के जरिए आरोपियों तक पहुंचा जायेगा।मोबाइल काल डिटेल और गांजा की तस्करी के साथ देने वाले आरोपियों तक पुलिस पहुंचकर एंड टू एंड तक कार्रवाई करेगी इसमें आरोपियों के मकान दुकान और जमीनों तक की जांच कराएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *