Blog

ऑपरेशन तलाश में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को मिली बड़ी सफलता: एक माह में 426 गुम बच्चों और वयस्कों को परिवार से मिलाया

कुल 7 बालक, 31 बालिका, 272 महिलाएं एवं 116 पुरुषों को किया गया दस्तयाब

पांच से अधिक राज्यों से की गई दस्तयाबी

महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों से की गई दस्तयाबी

थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन

टॉप 3 थाने: प्रथम डीडी नगर, द्वितीय उरला एवं तृतीय पुरानी बस्ती

रायपुर ।पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान “ ऑपरेशन तलाश ” के अंतर्गत गुमशुदा बालिकाओं, महिलाओं एवं पुरुषों की तलाश में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई। अभियान के दौरान कुल 426 गुम व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित रूप से उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में कमिश्नरेट के तीनों जोन के उपायुक्तों द्वारा थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने तकनीकी साधनों एवं मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न राज्यों में सघन तलाश अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दस्तयाब किए गए कुल 426 व्यक्तियों में 7 बालक, 31 बालिकाएं, 272 महिलाएं एवं 116 पुरुष शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिवारों तक पहुँचाया गया।
इस विशेष अभियान में थाना स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन भी सामने आया, जिसमें प्रथम थाना डीडी नगर, द्वितीय थाना उरला एवं तृतीय थाना पुरानी बस्ती ने सर्वाधिक सक्रियता के साथ गुम व्यक्तियों की दस्तयाबी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अप्रैल माह में थाना उरला में पंजीबद्ध एक नाबालिक अपहृता के प्रकरण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे के भीतर महाराष्ट्र के सोलापुर पहुँचकर अपहृता को दस्तयाब किया तथा सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सुपुर्द किया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में इस प्रकार के अभियान सतत रूप से जारी रहेंगे, जिससे गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया जा सके।
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *