कंप्यूटर ऑपरेटर पर चाकू से जानलेवा हमला,पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर बाइक रोकी

बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर एक व्यक्ति ने बाइक सवार कंप्यूटर ऑपरेटर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक की पीठ, पेट, बाजू और बाएं हाथ में चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चनाडोंगरी निवासी दिलीप धनकर बिलासपुर के तिफरा स्थित पाइप फैक्ट्री में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता है। वह रोजाना मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए बिलासपुर आना-जाना करता है। मंगलवार 8 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी खत्म कर अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-10 बीजे-9967 से घर लौट रहा था। ग्राम देवरी स्थित पटेल फार्म हाउस के पास एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर सड़क पर खड़ा था। उसने दिलीप को रोककर कहा कि उसकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया है। मदद के लिए दिलीप ने अपनी बाइक रोक दी। इसी दौरान व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल पर बैठने का प्रयास करन
लगा और अचानक चाकू निकालकर दिलीप पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए दिलीप चिल्लाते हुए फार्म हाउस की ओर भागा। हमलावर ने उसकी पीठ, पेट, बाएं बाजू और हाथ में चाकू से वार किए। घायल अवस्था में दिलीप ने मोबाइल से गांव के ओम यादव को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ओम यादव ने परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ओम यादव, दिलीप पाली, अरुण पाली और अमित पाली मौके पर पहुंचे। वहां दिलीप खून से लथपथ हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। पुलिस आरोपी की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।