Blog

कलेक्टर साहब….निस्तार रास्ता कब्जा करने से किसानों को हो रही समस्या

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश

बिलासपुर/जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों की समस्याएं सुनी। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने कलेक्टर से मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल एवं एडीएम शिवकुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत उड़ेला के किसानों ने जनदर्शन में सामूहिक आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम के जनक राम कौशिक व जगत कौशिक द्वारा आम निस्तारी रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया गया है जिस कारण से लगभग 25 किसानों को किसानी के लिए आने जाने में परेशानी हो रही है। ग्राम चकरभाठा निवासी प्रभा मानिकपुरी ने अपने दिव्यांग पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। आवेदन में बताया गया कि अस्पताल एवं संबंधित विभाग में आवश्यक जानकारी दर्ज नहीं होने के कारण जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है। ग्राम पंचायत कपसियाखुर्द के पूर्व सरपंच कमल बाई राजपूत द्वारा पंचायत क्षेत्र में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की भुगतान राशि लंबित होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदक ने कार्यों के सत्यापन एवं भुगतान की मांग की है। विजयपुर निवासी बहोरिक पाल ने राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज भूमि संबंधी त्रुटि सुधार कराने हेतु आवेदन दिया। आवेदन में अधिग्रहित भूमि के रिकॉर्ड से नाम विलोपित कर सिंचाई विभाग का नाम दर्ज कराने की मांग की गई। जनदर्शन में आई वृद्ध महिला ढयाना बाई ने बताया कि वह एक गरीब महिला है। निराश्रित पेंशन राशि से वह अपना जीवन यापन करती है। कुछ दिनों पूर्व उनके मकान में चोरों द्वारा उनका सब सामान चोरी कर लिया गया है और इस पर किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। शहर के दिव्यांग मुकेश सिंह ठाकुर ने कलेक्टर ने मुलाकात कर ट्राइ सायकल की मांग की एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता के लिए गुहार लगाई। ग्राम पंचायत ओखर की सरपंच ललीता लक्ष्मीप्रसाद यादव द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई। कलेक्टर ने आज जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर जल्द कार्यवाही के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *