Blog

बर्तन गोदाम में बालक से चलवा रहे हैवी मशीन

श्रम विभाग ने जांच करने के निर्देश दिए

बिलासपुर। जिले में बाल श्रम धड़ल्ले से चल रहा है। श्रम विभाग बाल श्रम को रोकने में असफल नजर आ रहा है। शहर के भीतर संचालित बर्तन गोदाम में करीब दस वर्षीय बालक से काम कराया जा रहा है। हैवी मशीन से बर्तन बनाते हुए बालक का वीडियो सामने आया है। इस मामले में श्रम विभाग ने जांच करने की बात कही है।
राज्य शासन के आदेश पर बाल श्रम पर रोक लगाने के लिए श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन गुपचुप तरीके से दुकान व गोदामों में छोटे बच्चों से काम कराया जा रहा है। करबाला रोड निवासी प्रिंस आनंद अपने मकान में बर्तन गोदाम संचालित कर रहा है। गोदाम में करीब 10 साल के बालक से काम कराया जा रहा है। बालक हैवी मशीन से बर्तन को साफ कर रहा है। मशीन बिजली से संचालित हो रही है। कोई चूक होने पर बालक के साथ हादसा भी हो सकता है। गोदाम में बाल श्रम संबंधित कोई नोटिस भी चस्पा नहीं किया गया है। इस संबंध में श्रम विभाग को जानकारी भी नहीं है। संचालक प्रिंस आनंद का कहना है कि बालक हमारे यहां काम नहीं करता है। किसी दिन कोई वर्कर नहीं आता है तो कभी कभार बोलने पर समान को उठाकर दे देते हैं। मोहल्ले में बालक खेलने के लिए आता है।

वर्जन
शासन के निर्देश पर बाल श्रम रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। टास्क फोर्स द्वारा रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण किया जाता है। बर्तन गोदाम में बालक से श्रम करवाने के मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई करेंगे।

-ज्योति शर्मा, सहायक श्रम आयुक्त बिलासपुर।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *