उसलापुर के अपना मार्ट में बड़ी चोरी, कैश काउंटर का पूरा दराज ले उड़े चोर

देर रात ताला तोड़कर घुसे दो युवक, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात…
बिलासपुर।उसलापुर के अपना मार्ट में देर रात हुई चोरी की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान का शटर तोड़कर दो चोर सीधे कैश काउंटर तक पहुंचे और हजारों रुपये से भरा दराज लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है….
पूरा मामला मंगलवार देर रात उसलापुर स्थित अपना मार्ट का है। रात लगभग 11 बजे रोज की तरह स्टोर बंद कर कर्मचारी अपने घर लौट गए थे। लेकिन सुबह करीब 5 बजकर 45 मिनट पर जब कर्मचारी मनीषा कुमारी दुकान खोलने पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच की तो कैश काउंटर का लॉक भी टूटा मिला और उसमें रखा पूरा दराज गायब था। प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद कार्यकारी संचालक संजीव कुमार प्रसाद और अविनाश तिवारी मौके पर पहुंचे।जांच के दौरान पता चला कि कैशियर सुनील डहरिया ने 25 नवंबर की दिनभर की बिक्री—कुल 38,500 रुपये—काउंटर में सुरक्षित रखे थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सुबह 3 बजकर 2 मिनट पर दो अज्ञात युवक दुकान का ताला तोड़ते, अंदर घुसते और कैश दराज लेकर भागते दिखाई दिए। प्रबंधन की शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।