केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू बोले—मोदी की गारंटी और विष्णु कज सुशासन से बदल रही ग्रामीण तस्वीर, छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख लखपति दीदियां

सक्ती। सक्ती के जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारियों एवं लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जाँगडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि सक्ती की धरती पर उमड़ा जनसैलाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे, गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास मिले और देश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर बने।

तोखन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) बनाने का ऐतिहासिक संकल्प लिया गया। उन्होंने बताया कि लगभग ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक गरीब परिवारों के पक्के मकानों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों के परिवारों तक आवास पहुंचाने के लिए स्वीकृत आवासों में से 70 प्रतिशत से अधिक मकानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों तथा मुख्यधारा में लौटे आत्मसमर्पित युवाओं के लिए विशेष परियोजना के तहत 15 हजार से अधिक आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख लखपति दीदियां
महिला सशक्तिकरण को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की ग्रामीण महिलाओं को केवल सहायता प्राप्त करने वाली नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम शक्ति बनाने का अभियान चल रहा है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। अकेले सक्ती जिले में 24,738 बहनें लखपति दीदी बनकर आर्थिक स्वावलंबन की नई मिसाल कायम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं आधुनिक तकनीक और नए रोजगार के अवसरों से भी जुड़ रही हैं। छत्तीसगढ़ में 14 ड्रोन दीदियां आधुनिक कृषि को गति दे रही हैं, जबकि प्रदेश में 768 सोलर दीदियां ऊर्जा क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। इनमें सक्ती जिले की 21 सोलर दीदियां शामिल हैं।
रानी मिस्त्री और डीलर दीदी से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास
श्री साहू ने कहा कि आवास निर्माण में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में 6,734 रानी मिस्त्रियां तैयार हुई हैं, जिनमें सक्ती जिले की 105 महिलाएं शामिल हैं। वहीं ‘डीलर दीदी’ कार्यक्रम के माध्यम से 10 हजार से अधिक स्व-सहायता समूहों की महिलाएं निर्माण सामग्री की आपूर्ति कर आय अर्जित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि RSETI के माध्यम से राजमिस्त्री प्रशिक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इससे ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार और आय के नए अवसर मिले हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जल संरक्षण को गति
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। ‘विकसित भारत गारंटी फॉर आजीविका रोजगार मिशन’ के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लिए 5,500 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना और विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने जल संरक्षण और जल संवर्धन को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए कहा कि ‘मोर गांव, मोर पानी’ जैसे अभियानों के माध्यम से जनभागीदारी से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।
सशक्त पंचायत से सशक्त गांव का संकल्प
पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “जब पंचायत सशक्त होगी, तभी गांव सशक्त होगा और जब गांव सशक्त होगा, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।”
श्री साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।