वी एन आर सीड्स द्वारा बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट का सफल आयोजन
बिलासपुर, — बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में आज वी एन आर सीड्स द्वारा एक विशेष कैम्पस प्लेसमेंट कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं प्लेसमेंट नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार साहू ने बताया कि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे के नेतृत्व में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में वी एन आर सीड्स के सहयोग से यह कैम्पस प्लेसमेंट आयोजित किया गया।

इस अवसर पर वी एन आर सीड्स से श्री विवेक पांडेय (प्रबंधक, एच. आर.), श्री कुशदत्त रावत (डिप्टी मैनेजर, उत्पादन) तथा श्री राहुल त्रिपाठी (प्रबंधक, रूट स्टॉक सीड्स) उपस्थित रहे। उन्होंने चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनके कौशल और ज्ञान का आकलन किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।