Blog

खनन माफियाओं ने रेंजर व वन कर्मियों को धमकाया,फिर रास्ता रोककर जब्त ट्रैक्टर को ले गए

जीपीएम में नेताओं की दबंगई

पेंड्रा। पेंड्रा-मरवाही जिले में हरीं गांगपुर के बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम, ग्रामीणों व वाहन चालकों के बीच विवाद जमकर विवाद होने की जानकारी मिली है। वन विभाग का आरोप है कि, कार्रवाई के दौरान गौरेला रेंजर सहित वनकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दो ट्रैक्टरों को रास्ता रोककर दबंगई दिखाते हुए छुड़ाकर ले जाने का भी सनसनीखेज आरोप है।

दरअसल वन विभाग की टीम को हरीं गांगपुर के बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। जब्त किए गए ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रखे गए 26 नग बांस करील भी मिले।

रास्ता रोककर वनकर्मियों से किया विवाद

जब्त वाहनों को कार्रवाई के लिए ले जाने के दौरान ग्रामीणों एवं वाहन चालकों द्वारा रास्ता रोककर वनकर्मियों से विवाद किया फिर हुज्जतबाजी भी की गई। आरोप है कि, इसी दौरान रेंजर एवं वनकर्मियों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई तथा जब्त ट्रैक्टरों को वन कर्मियों के कब्जे से छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है।

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले की वन विभाग की ओर से गौरेला थाने में सूचना दी गई है। विभाग ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, वन अमले के साथ अभद्रता और जब्त वाहनों को छुड़ाकर ले जाने के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद घटना में शामिल लोगों और पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *