गणेश उत्सव के पूर्व नॉर्थ जोन में शांति समिति की बैठकों का आयोजन

थाना उरला, खमतराई एवं गुढ़ियारी क्षेत्र की शांति समिति की संयुक्त बैठक भनपुरी में तथा थाना पंडरी एवं खम्हारडीह की शांति समिति की संयुक्त बैठक सिंधु भवन खम्हारडीह में आयोजित
रायपुर। आगामी गणेश उत्सव के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा शांति समिति एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्यों की बैठकें आयोजित की गईं।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप की अध्यक्षता में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा की उपस्थिति में नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों के शांति समिति एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर संवाद किया गया।
थाना उरला, खमतराई एवं गुढ़ियारी क्षेत्र की संयुक्त बैठक
थाना उरला, खमतराई एवं गुढ़ियारी क्षेत्र के शांति समिति एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्यों की संयुक्त बैठक CFI हॉल, भनपुरी में आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर गणेश उत्सव के संबंध में उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया।
थाना पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र की संयुक्त बैठक
इसी क्रम में थाना पंडरी एवं थाना खम्हारडीह क्षेत्र के शांति समिति एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्यों की संयुक्त बैठक सिंधु भवन, खम्हारडीह में आयोजित की गई। बैठक में दोनों थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी, गणेश उत्सव समिति एवं शांति समिति के सदस्य तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
दोनों बैठकों के दौरान गणेश स्थापना, पंडाल व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, विसर्जन मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों से अपील की गई कि गणेश उत्सव के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
शांति समिति की बैठकों का उद्देश्य पुलिस, आयोजन समितियों एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्योहार के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करना तथा गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है।
बैठक में उपस्थित गणेश उत्सव एवं शांति समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा आगामी गणेश उत्सव को आपसी सहयोग एवं भाईचारे के साथ मनाने की बात कही।