थाने के पास स्थित आरक्षक के घर से चोरों ने चोरी कर लिया एक-47 और 90 राउंड जिंदा कारतूस, मचा हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी
थाने के पास स्थित आरक्षक के घर से चोरों ने सोने चांदी के जेवरात के साथ एके –47 सर्विस रायफल और 90 नग जिंदा कारतूस भी चोरी कर लिए। आरक्षक अपने परिवार के साथ गांव गया था। वापसी में उसे घर का ताला खुला मिला और अलमारी में रखा हथियार तथा जेवर गायब था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और चोरों की तलाश में पुलिस जुटी है।अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मी के घर ही चोरी की वारदात घटित हो गई। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस आरक्षक के घर घुसकर एके– 47 और 90 राउंड जिंदा कारतूस चोरों ने चुरा लिए। खास बात यह है कि आरक्षक का घर थाना से मात्र 300 मीटर दूरी पर है। चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। चोरी हुए उक्त हथियार से कोई गंभीर वारदात ना हो जाए इससे पहले ही पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र में गांधीनगर थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर गांधी चौक के पास आरक्षक आशीष तिर्की का मकान है। आरक्षक आशीष तिर्की की पोस्टिंग वर्तमान में बलरामपुर रामानुजगंज जिले के जिला पंचायत सीईओ के पीएसओ रूप में है। थाने से कुछ दूरी पर स्थित इस घर से अज्ञात चोरों ने सोने– चांदी के आभूषण के साथ एके–47 और 90 राउंड जिंदा कारतूस चुरा लिए। आरक्षक को जानकारी लगने पर उसने गांधीनगर थाने में शिकायत दी।
शिकायत सामने आने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एक-47 जैसे घातक हथियार और कारतूस के गायब होने पर पुलिस अधिकारियों के पेशानी पर बल पड़ गया। उक्त हथियार के गलत हाथों में जाने पर इससे कोई गंभीर वारदात घटित हो सकती है। इसलिए विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश की जा रही है। हालांकि यह भी प्रश्न उठ रहा है कि चोरों को घर में मौजूद हथियार और कारतूस के बारे में क्या पहले से जानकारी थी और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से चोरी की है या फिर रूटीन में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए ऐसा हुआ है।
पुलिस में आरक्षक के द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार 1 अप्रैल को वह अपने ड्यूटी स्थल बलरामपुर से अंबिकापुर आया और परिवार को साथ लेकर घर में ताला बंद कर गांव चला गया। 2 अप्रैल को जब वापस आया तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी में रखा सर्विस राइफल एक-47 सहित 90 नाग जिंदा कारतूस और सोने– चांदी के जेवरात गायब मिले। हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला संदिग्ध भी नजर आ रहा है। पुलिस के अफसर ने बताया कि 90 कारतूस और हथियार चोरी की बात आरक्षक के द्वारा कही जा रही है,जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।