गौधाम विकास के लिए विकास खंड स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

बिलासपुर।
जिला गौसेवा आयोग समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तूरी की उपस्थिति में गौधाम विकास के लिए गठित विकास खंड स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित गौधामों के सुदृढ़ संचालन, घूमन्तु मवेशियों के संरक्षण तथा किसानों की समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूमने वाले निराश्रित मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए बेलतरा, बोहारडीह, जैतपुर गौधाम सहित अन्य गौधामों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही हाईवे पर विचरण करने वाले पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं एवं जनहानि की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समिति ने वर्तमान में संचालित गौधामों में उपलब्ध रिक्त स्थानों का उपयोग करते हुए आसपास के क्षेत्रों के निराश्रित मवेशियों को वहां स्थानांतरित करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सुविधायुक्त गौधाम विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक में बोहारडीह एवं जैतपुर गौधाम की भूमि पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में एसडीएम मस्तूरी द्वारा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
धान की बुवाई एवं फसल सुरक्षा के मद्देनज़र ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं से किसानों को हो रही परेशानी पर भी चर्चा हुई। समिति ने सुझाव दिया कि सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं संबंधित समितियों की बैठक शीघ्र आयोजित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि पंचायतों के माध्यम से प्रभावी व्यवस्था बनाकर किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने गौधामों के बेहतर संचालन, निराश्रित गौवंश के संरक्षण तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की, पाराघाट टोल प्लाजा प्रबंधन को सूचित कर हाइवे पर बैठने वाले घूमन्तु पशुओं को पेट्रोलिंग कर बीच सड़क से हटाने के लिए सूचित किया जाना सुनिश्चित किया गया साथ ही जिला गौसेवा आयोग समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे ने गौसेवा आयोग द्वारा गौधाम योजना में संशोधन के विषय में जानकारी दी गयी कि पूर्व में ग्राम पंचायतों के संचालन में जो सुरक्षा निधि लिया जाता था वह अब संशोधित होकर ग्राम पंचायत के संचालन में सुरक्षा निधि नहीं लिया जायेगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे, मस्तूरी अनुविभागीय दंडा धिकारी शिवकुमार ब्लाक अध्यक्ष पुरनेद्र शर्मा,विकासखंड पशुचिकित्सा अधिकारी संध्या तिवारी जीरामजी परियोजना अधिकारी रूचि विश्कर्मा सौमित्र शुक्ला और मस्तूरी विकास खंड में गौधाम संचालन करने वाले समिति के अध्यक्ष उपस्थित थे।