Blog

क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ एवं मासिक ब्याज देने का झांसा देकर दो दर्जन से अधिक लोग पकड़ाए…करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर – क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ एवं मासिक ब्याज देने का झांसा देकर दो दर्जन से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी कुलदीप भतपहरी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अब तक 26 लोगों से कुल 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कुलदीप भतपहरी, जो केवल छठवीं कक्षा तक पढ़ा है, स्वयं को शेयर मार्केट, आईपीओ, एनएसई, एमएसईआई और सीडीएसएल से जुड़ा निवेश एवं सलाहकार बताता था।
वह लोगों को क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक मुनाफा और मासिक ब्याज देने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था।

आरोपी ने वर्ष 2021-22 के दौरान रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को अपना शिकार बनाया। थाना पंडरी में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी अमित दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जान-पहचान वर्ष 2021-22 में आरोपी कुलदीप भतपहरी से हुई थी।
आरोपी ने स्वयं को निवेश सलाहकार बताते हुए अमित दास और उसके भाई रोहित दास को आईपीओ, एनएसई, एमएसईआई और सीडीएसएल में ‘के.बी. प्लान’ के नाम पर निवेश कराने का झांसा दिया। आरोपी ने अधिक लाभ और मासिक ब्याज देने का भरोसा दिलाकर ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से कुल 15 लाख 60 हजार 004 रुपये प्राप्त कर लिए। कुछ महीनों तक आरोपी ने ब्याज के रूप में आंशिक राशि दी, लेकिन दिसंबर 2024 में वह अचानक फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पंडरी रायपुर में अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। आरोपी लगातार फरार था, जिसे पकड़ने के लिए मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी की मौजूदगी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिस पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलदीप भतपहरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शेयर मार्केट, क्रिप्टो करेंसी और आईपीओ में अधिक लाभ एवं मासिक ब्याज देने का झांसा देकर कुल 26 लोगों से 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से ठगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *