Blog

गंदगी में बन रहा था मिल्क केक,प्रबल फूड प्रोडक्ट्स का पंजीयन निलंबित

बिलासपुर।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ढेका स्थित प्रबल फूड प्रोडक्ट्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई। टीम को गंदगी के बीच मिल्क केक का निर्माण होता मिला। इसके बाद विभाग ने फर्म का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार निर्माण प्रक्रिया में निर्धारित स्वच्छता और हाइजीन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग ने प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराते हुए आवश्यक सुधार किए जाने तक किसी भी खाद्य सामग्री का निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

नमकीन के पैकेट पर भ्रामक दावे का आरोप

निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने शिव गंगा नमकीन के पैकेटों की भी जांच की। पैकेट पर जीरो ट्रांस फैट्स और कोलेस्ट्रॉल-मुक्त होने का दावा दर्ज था। विभाग ने इन दावों को प्रथम दृष्टया भ्रामक विज्ञापन मानते हुए संबंधित उत्पाद का नमूना जब्त किया और प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घी,दही और पनीर के नमूने लिए

अभियान के तहत कमलेश जनरल स्टोर से औषधा देशी घी का नमूना लिया गया। वहीं कोनी स्थित
देवभोग मिल्क से दही और पनीर के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता, शुद्धता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी आरआर. देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *