ऑपरेशन बाज से बिल्हा पुलिस को सफलता, बलौदाबाजार का स्थायी वारंटी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिल्हा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार जिले के एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सड़क दुर्घटना के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 19 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया। बिल्हा पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर 11 स्थायी वारंटों की तामिली भी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में स्थायी वारंटियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस की टीम वारंटियों की पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलौदाबाजार जिले के रमदईया निवासी 23 वर्षीय लीलाराम ध्रुव सड़क दुर्घटना के मामले में जारी स्थायी वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग और आरक्षक उपेन्द्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।