Blog

दुर्गा पंडाल में आरती के बीच महिला के गले से डेढ़ तोले का सोने की चेन पार

बिलासपुर। न्यायधानी में दुर्गा पूजा पंडाल में आरती के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। तेलीपारा रोड स्थित श्री शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में आरती के दौरान किसी व्यक्ति ने महिला के गले से करीब 14 ग्राम वजन की सोने की चेन पार कर दी। चोरी गई चेन की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद समिति के सदस्यों में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, तेलीपारा निवासी सौर्य कश्यप श्री शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के सदस्य हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे दुर्गा पंडाल में आरती हो रही थी। इस दौरान उनकी मां श्वेता कश्यप भी आरती में शामिल होने पहुंची थीं। आरती के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली है ।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिलाएं

घटना के बाद जब सोने की चेन गायब होने का पता चला, तो समिति के सदस्यों ने पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं दिखाई दे रही हैं। उन्हें आशंका है कि इन्हीं महिलाओं में से किसी ने चेन चोरी की होगी। हालांकि, चोरी में उनकी संलिप्तता
की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात को किसने अंजाम दिया होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *