चिंगराजपारा में कुष्ठ रोग जागरूकता रैली का आगाज़

वार्ड 53 में मितानिनों की बड़ी पहल,कुष्ठ रोग पर जागरूकता अभियान शुरू….
घर–घर पहुंचा स्वास्थ्य संदेश,मितानिनें लोगों को कर रहीं जागरूक…..
बिलासपुर। एक अहम और मानवीय पहल की बड़ी खबर। वार्ड नंबर 53 चिंगराजपारा में आज कुष्ठ रोग जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू हुई यह रैली आने वाले कई दिनों तक क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को महत्वपूर्ण संदेश देगी।
रैली की शुरुआत वार्ड के मुख्य मार्ग से हुई, जहां बड़ी संख्या में मितानिन महिलाएं, स्वास्थ्य कर्मचारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। हाथों में जागरूकता के पोस्टर और बैनर लिए, मितानिन महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ लोगों को संदेश दिया कि कुष्ठ रोग कोई अभिशाप नहीं… बल्कि पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है।
मितानिन महिलाएं घर–घर जाकर लोगों से संवाद करेंगी, उनके स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं सुनेंगी और जिन लोगों में कुष्ठ रोग के लक्षण नज़र आएंगे, उन्हें तुरंत अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करेंगी।यह जागरूकता अभियान 8 दिसंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक निरंतर चलेगा। इस दौरान वार्ड के हर घर तक स्वास्थ्य की सही जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।रैली की शुरुआत के मौके पर वार्ड पार्षद रेखा सूर्यवंशी ने भी लोगों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी को छुपाना नहीं, बल्कि समय पर जांच कराना सबसे जरूरी है। पार्षद ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा कुष्ठ रोग का इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है और मितानिन महिलाएं हर कदम पर जनता की मदद के लिए तैयार हैं। कुल मिलाकर,चिंगराजपारा में शुरू हुई यह जागरूकता रैली न केवल स्वास्थ्य संदेश दे रही है, बल्कि लोगों में विश्वास भी जगा रही है कि समय पर इलाज मिले तो कुष्ठ रोग पूरी तरह से समाप्त किया जा सकता है।यह पहल आने वाले दिनों में बिलासपुर के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।