चोरी गए साइकिल समेत आरोपी को गिरफ्तार कर 7 साइकिल किया बरामद

बिलासपुर /मुंगेली /
साइकिल चोरी करने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने तखतपुर से गिरफ्तार
कर लिया है।पकड़े गए आरोपी के पास से 7 साइकिल बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मौका पाकर साइकिल चोरी करता था।
दरअसल एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों चोरी, लूट एवं नकबजनी के प्रकरणों में त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के परिपालन में एएसपी डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं डीएसपी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस को चोरी के प्रकरण में सफलता प्राप्त हुई।
प्रार्थी रोशन सिंह राजपूत पिता महेन्द्र सिंह राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक 9 मजगांव, थाना लोरमी ने रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह जय इलेक्ट्रॉनिक दुकान, रानीगांव लोरमी में काम करता है। सुबह करीब 9 बजे वह अपनी साइकिल से दुकान में काम करने गया था। उसने अपनी साइकिल को जोतपुरी स्वीट्स के बगल में खड़ा किया था। शाम करीब 7 बजे काम से वापस लौटकर साइकिल लेने पहुंचा तो साइकिल वहां नहीं मिली। आसपास पता तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। प्रार्थी की रिपोर्ट पर लोरमी थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान लोरमी पुलिस द्वारा घटनास्थल की बारीकी से तस्दीक करते हुए बेसिक पुलिसिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना तखतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीजा दैजा निवासी संदेही रमेश कुमार खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर आरोपी द्वारा घटना दिनांक को साइकिल चोरी करना तथा अन्य स्थानों से भी कुल 6 अन्य साइकिल चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपी रमेश कुमार खूंटे के कब्जे से कुल 7 नग साइकिल 1. ब्रीज कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल 2. हीरो कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल 3. हीरो कंपनी की हरे रंग की साइकिल 4. हरे रंग की पुरानी साइकिल 5. लाल रंग की रेंजर साइकिल 6. ब्लास्टर कंपनी की लाल रंग की रेंजर साइकिल 7. लाइनर कंपनी की हरे रंग की रेंजर साइकिल को जप्त कर आरोपी रमेश कुमार खुंटे पिता स्व. छोटू खुंटे, उम्र 52 वर्ष, निवासी बीजा दैजा तखतपुर के विरुद्ध अपराध घटित करना प्रमाणित पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।