जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप—परिवार के ही सदस्यों ने लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या

जीपीएम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले का किया खुलासा
घटना में शामिल 4 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त 4 लाठी-डंडे जप्त
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही।थाना गौरेला क्षेत्र के ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन संबंधी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में थाना गौरेला पुलिस द्वारा तत्परता एवं गंभीरता से कार्रवाई करते हुए घटना का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया तथा घटना में शामिल 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 04 नग लकड़ी के लाठी-डंडे जप्त किए गए हैं। प्रार्थी दुर्गेश यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी पतेरापारा नेवसा, थाना गौरेला उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके पिता खूबचंद यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों के मध्य ग्राम नेवसा स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। सुबह लगभग 9 बजे वह अपने पिता खूबचंद यादव के साथ लिखनटोला स्थित जमीन पर खेती का कार्य करने गया था। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों से खूबचंद यादव के साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद खूबचंद यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गौरेला में अपराध क्रमांक 321/2026, धारा 190, 191(2), 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं विवेचना
घटना की सूचना मिलते ही थाना गौरेला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी को अवगत कराया गया श्री खिलारी के द्वारा तत्काल थाना प्रभारी को टीम बनाकर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया थाना प्रभारी गौरेला के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में FSL अधिकारी डॉक्टर त्रिपाठी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। घटनास्थल से खून आलूदा मिट्टी एवं सादी मिट्टी के नमूने जप्त कर पुलिस कब्जे में लिए गए। साथ ही प्रार्थी एवं अन्य गवाहों के कथन दर्ज कर घटना के संबंध में साक्ष्य संकलित किए गए।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त आरोपियों को हिरासत में लेकर पृथक-पृथक पूछताछ की गई। पूछताछ एवं मेमोरण्डम कथन के आधार पर आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडों को अपने-अपने घर में छिपाकर रखना बताया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर उनके निवास स्थान से घटना में प्रयुक्त 04 नग लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।
विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के कथनों एवं पुलिस की त्वरित कार्रवाई के आधार पर घटना में संलिप्त निम्नलिखित 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- रामलाल यादव, पिता बिसाहू यादव, उम्र 37 वर्ष
- बिसाहू यादव, पिता स्व. कलीराम यादव, उम्र 60 वर्ष
- श्रीमती बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव, पति बिसाहू यादव, उम्र 60 वर्ष
- मुकेश यादव, पिता समार सिंह, उम्र 20 वर्ष
सभी निवासी – लिखनटोला, ग्राम नेवसा, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामग्री
- घटना में प्रयुक्त लकड़ी के 04 नग लाठी-डंडे
प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक शनिप रात्रे, उप निरीक्षक अरविंद मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सहस राम रजक, पी.एस.आई. आकाश बघेल, पी.एस.आई. नेहा रावटे, आरक्षक क्रमांक 54 कौशलेन्द्र बघेल, आरक्षक क्रमांक 200 देवेन्द्र सोनवानी एवं महिला आरक्षक क्रमांक 62 सेमकली मार्को की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जीपीएम पुलिस द्वारा जमीन एवं पारिवारिक विवादों को गंभीरता से लेते हुए आमजन से अपील की जाती है कि विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें तथा किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से करें।