Blog

ट्राइबल हॉस्टल से निकलकर सात साल की बच्ची सात किलोमीटर दूर गोलबाजार पहुंच गई

एसी ट्राइबल ने अधीक्षिका को हटाया

बिलासपुर। देवरीखुर्द स्थित ट्राइबल हॉस्टल से 7 साल की बच्ची के हॉस्टल से निकलकर गोलबाजार पहुंचने की सनसनीखेज घटना के बाद अधीक्षक को हटा दिया है। खबर के बाद सहायक आयुक्त ट्राइबल संजय चंदेल टीम के साथ हॉस्टल पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मानिटरिंग को लेकर अधीक्षिका और स्टाफ की भारी लापरवाही उजागर हुई है। हॉस्टल की अधीक्षिका को हटाने का निर्देश जारी कर दिया है।

शनिवार को आधार कन्या शाला हॉस्टल, देवरीखुर्द से सात साल की बच्ची स्टॉफ की लापरवाही के चलते हॉस्टल से निकली और गोलबाजार पहुंच गई। गोलबाजार में दो व्यवसायियों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने बच्ची से पूछा कौन हो और कहां से आई हो, कहां जाना है। बच्ची ने कहा भूख लग रही है। तब व्यवसायियों से उसे नाश्ता कराया। नाश्ता करने के बाद बच्ची ने अपनी मां का मोबाइल नंबर बताया। तब व्यापारियों ने उसकी मां को कॉल कर बताया कि उनकी बच्ची गोलबाजार में है और सुरक्षित है। मां पिता के आने के बाद व्यवसायियों ने बच्ची को उनके हवाले कर दिया। छोटी कोनी निवासी राजकुमार दिवाकर एवं श्वेता दिवाकर की 7 वर्षीय पुत्री, लावन्या दिवाकर का हाल ही में ट्राइबल हॉस्टल में एडमिशन कराया।

लापरवाही को लेकर इन पर भी गिरेगी गाज

बच्ची के हॉस्टल से निकल जाने के मामले में लापरवाही बरतने वाले होमगार्ड जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डिस्ट्रिक कमांडेंट को पत्र लिखा जा रहा है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात चपरासियों के बयानों और लापरवाही को देखते हुए उन पर भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उनको नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आदिमजाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त चंदेल देवरीखुर्द स्थित हास्टल पहुंचे। वहां बच्ची के हॉस्टल के निकलने की जांच की गई। इसमें हास्टल अधीक्षिका श्वेता शुक्ला, होमगार्ड और चपरासियों की लापरवाही पाई गई है।

एसी ने स्टाफ को लगाई जमकर फटकार

ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त संजय चंदेल ने आधार कन्या शाला हॉस्टल, देवरीखुर्द के निरीक्षण के बाद हॉस्टल के पूरे स्टाफ को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है, भविष्य में बच्चों की गिनती, खाना खिलाने के समय की हाजिरी और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आगे ऐसा होना पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *