चिंगराजपारा बिलासपुर ने जीता राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब

फाइनल में कोरबा क्लब को 43-41 से हराया, बिलासपुर टीम का शानदार प्रदर्शन
विजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया
बिलासपुर। कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र चिंगराजपारा, बिलासपुर ने राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरबा क्लब, कोरबा को दो अंकों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। खेल एवं युवा कल्याण समिति द्वारा आयोजित ठाकुर देव कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम दर्री, जिला सक्ती में 27 से 29 अक्टूबर तक किया गया था। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, रायगढ़, रायपुर और कोरबा की टीमों ने भाग लिया। एनआईएस कबड्डी कोच ओमकार जायसवाल ने बताया कि फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें बिलासपुर की टीम ने कोरबा क्लब को 43-41 के अंतर से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। इससे पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर ने भिलाई-दुर्ग की टीम को 37-27 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।

विजेता को 25 उपविजेता को 15 हजार मिले
फाइनल मैच के बाद मुख्य अतिथियों ने विजेता टीम बिलासपुर को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम कोरबा को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की। विजेता टीम के खिलाड़ी में मनीष यादव (कप्तान), अजय मरावी, राहुल, घनश्याम राठिया, नितेश साहू, मूलचंद साहू, गोविंद, विक्रम आदि रहे।