धान खरीदी पर फोकस,बिलासपुर के 140 केंद्रों में प्रक्रिया तेज, प्रशासन अलर्ट…

55 से 60 फीसदी धान खरीदी पूरी, 31 जनवरी तक लक्ष्य हासिल करने की कवायद…
धान खरीदी में चुनौतियां बरकरार,प्रशासन का दावा-समय पर होगा काम….
बिलासपुर ।जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया लगातार जारी है। जिले के 140 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। हालांकि खरीदी केंद्रों पर तकनीकी और व्यवस्थागत समस्याएं भी सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन निर्धारित समय-सीमा के भीतर धान खरीदी पूरी करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में सुधार किए जा रहे हैं।
दरअसल अब तक जिले में लगभग 55 से 60 प्रतिशत धान खरीदी पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष धान खरीदी कार्य को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और सभी खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। धान खरीदी के दौरान किसानों को तौल, टोकन, भुगतान और ऑनलाइन एंट्री से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी लगातार गांव-गांव जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है, ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो।धान खरीदी केंद्रों में लिमिट की समस्या भी सामने आई थी, जिसके कारण कई किसानों को धान बेचने में दिक्कत हो रही थी। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा खरीदी की सीमा में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी उपज का विक्रय कर सकें और किसी को भी वापस न लौटना पड़े। जिला प्रशासन का लक्ष्य 31 जनवरी तक धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को संपन्न करना है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द टोकन कटवाएं और तय तारीख के अनुसार केंद्रों पर पहुंचें। अब देखना होगा कि इन तमाम समस्याओं और चुनौतियों के बीच प्रशासन अपने नियमों के अनुसार तय समय में धान खरीदी पूरी कर पाता है या इसके लिए समय-सीमा को आगे बढ़ाना पड़ता है।
वर्जन
धान खरीदी में पूरी तरह से व्यवस्था की गई है और लक्ष्य से अधिक धान की खरीदी होगी।
रजनीश सिंह
अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक बिलासपुर