नगर निगम पर करीब 309 करोड़ 94 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया….करीब 100 सरकारी कार्यालयों के 20 हजार 577 कनेक्शन इस सूची में…..बकाया बिजली बिल पर कार्रवाई
बिलासपुर।बकाया बिजली बिल अब शहर की सड़कों पर अंधेरा बढ़ा रहा है। बिजली विभाग ने रिकवरी को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। शहर की 15 से ज्यादा जगहों की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिससे करीब 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं। वहीं अब विभाग की नजर बकायेदार सरकारी दफ्तरों पर है।
दरअसल बिजली विभाग की कार्रवाई का असर विनोबा नगर, विद्या नगर, सरकंडा समेत शहर के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। बकाया बिजली बिल जमा नहीं होने पर 15 से ज्यादा स्थानों की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटे गए हैं। इसके चलते करीब 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं। स्ट्रीट लाइटों के बाद अब बिजली विभाग ने सरकारी कार्यालयों की बकाया सूची तैयार कर ली है। बिलासपुर संभाग के करीब 100 सरकारी कार्यालयों के 20 हजार 577 कनेक्शन इस सूची में बताए जा रहे हैं। विभाग के मुताबिक पुराने बकाए के साथ तीन महीने की एडवांस राशि जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है। बकाया राशि में सबसे पहला नाम नगर निगम का है। नगर निगम पर करीब 309 करोड़ 94 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। बकाया राशि के मामले में बिलासपुर, राजधानी रायपुर के बाद प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन कटने के बाद अब सरकारी दफ्तरों पर कार्रवाई की तैयारी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सवाल ये है कि अगर अगले वर्किंग डे से सरकारी कार्यालयों की बिजली काटी जाती है, तो इसका असर सरकारी कामकाज पर कितना पड़ेगा।