नालियों पर अतिक्रमण, महापौर हुई नाराज, दी चेतावनी
प्रतिदिन कर रही है निरीक्षण व्यवस्था सुधारने का हो रहा प्रयास
बिलासपुर। कुछ दिनों में बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा इससे पहले नगर निगम के द्वारा शहर में सभी नाली और नालों की सफाई की जा रही है। ताकि बारिश के दिनों में जल निकासी में किसी तरह की कोई समस्या ना हो। इसके लिए खुद महापौर पूजा विधानी और स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष श्याम साहू प्रतिदिन वार्डो का निरीक्षण कर रहे है।इसके साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं। शुक्रवार को भी महापौर ने जोन क्रमांक 4 के विद्यानगर और तालापारा क्षेत्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यानगर में नाली के ऊपर बनाए गए अतिक्रमण को हटवाया।वहीं तालापारा क्षेत्र में भी नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए ताकि पानी की निकासी सही ढंग से हो सके। महापौर ने नाराजगी भी जाहिर की और लोगों को नाली नालों के ऊपर अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी।महापौर ने सीधे और साफ कहा कि अतिक्रमण होने से नालियों का पानी सड़क पर बहेगा और उसके बाद घरों में घुसेगा।जिसके कारण लोग बीमार होंगे। इसलिए नालियों में कब्जा न करे ताकि बरसात के पानी का बहाव सही तरीके से हो सके।
वर्जन
बरसात के पहले नालियों की सफाई और नालियों पर अतिक्रमण करने वालो के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया हैं।
पूजा विधानी
महापौर नगर निगम