पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग पत्नी बनी हैवान,सोते समय काट डाला प्राइवेट पार्ट, चकरभाठा में सनसनी
बिलासपुर । चकरभाठा क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घरेलू विवाद और आए दिन होने वाली मारपीट से परेशान एक पत्नी ने अपने पति पर ऐसा खौफनाक हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी द्रोपती कौशिक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और विवाद किया करता था। पति की हरकतों से महिला लंबे समय से परेशान चल रही थी। परिवार और आसपास के लोगों के मुताबिक दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती रात भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात जब राजेश कौशिक घर में गहरी नींद में सो रहा था, उसी दौरान पत्नी द्रोपती कौशिक ने धारदार हथियार उठाया और पति के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राजेश दर्द से चीखने लगा, जिसकी आवाज सुनकर घरवाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल राजेश कौशिक को तत्काल परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला द्रोपती कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां महिला ने घरेलू प्रताड़ना और रोज-रोज की मारपीट से परेशान होकर घटना को अंजाम देने की बात कही।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
*