Blog

पशुओं को गलघोटू और एक टंगिया बीमारी से बचाने निःशुल्क टीकाकरण अभियान जारी

पशुपालक कराएं पशुओं का समय पर टीकाकरण, विभाग की अपील

बिलासपुर/पशुपालन विभाग द्वारा जिले में पशुओं के गलघोटू एवं एक टंगिया बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गौवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं को वर्षा ऋतु में फैलने वाली घातक संक्रामक बीमारियों गलघोटू तथा एक टंगिया से सुरक्षित करना है।
गलघोटू से संक्रमित पशुओं में तेज बुखार, गले में सूजन एवं लार टपकने जैसे लक्षण तथा एक टंगिया से संक्रमित पशुओं में मांसपेशियों में सूजन और लंगड़ापन के लक्षण देखने को मिलते है। ये दोनों बीमारियां पशुओं में उच्च मृत्यु दर का कारण बनती हैं, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इन रोगों की रोकथाम के लिए नियमित टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय माना गया है। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में विभागीय पशु चिकित्सकों एवं पशुधन विकास अधिकारियों द्वारा पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने सभी पात्र पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाकर उन्हें संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखें।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बिलासपुर डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने जिले के सभी पशुपालकों से अपने निकटतम पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय अथवा विभागीय कर्मचारियों से संपर्क कर निःशुल्क एचएस एवं बीक्यू टीकाकरण कराने तथा जनहित के इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *