चार टन की सीमा वाली बोगी में लीज होल्डर ने नौ टन माल लोड

बिलासपुर। मनमानी और लापरवाही से यात्रियों की जान खतरे में डाली जा रही है। मामला हावड़ा-शिरडी एक्सप्रेस का है, जहां पार्सल बोगी में क्षमता से दोगुना सामान भर दिया गया। चार टन की सीमा वाली बोगी में लीज होल्डर ने नौ टन माल लोड कर दिया। बिलासपुर में विजिलेंस टीम की कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से कोलकाता तक चले इस पार्सल को कोलकाता में उतारा जाना था। लेकिन जांच का डर होने के कारण वहां माल नहीं उतारा गया और ओवरलोड बोगी हावड़ा-शिरडी एक्सप्रेस से रवाना कर दी गई। बिलासपुर पहुंचने पर बिना रेल कर्मचारियों की मौजूदगी के ही लीज होल्डर ने करीब पांच टन पार्सल उतार लिया। जबकि चार टन पार्सल शिरडी की ओर चला गया। रेलवे बोर्ड की विजिलेंस टीम ने बिलासपुर में छापा मारकर बिना बुकिंग का सामान जब्त किया।

नियम के अनुसार पार्सल बोगी में केवल चार टन सामान ही भरा जा सकता है, ताकि ट्रेन संचालन सुरक्षित रह सके। ओवरलोडिंग से बोगी के बफर असंतुलित हो जाते हैं और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम ने बताया यह मामला दिल्ली–हावड़ा ट्रेन से संबंधित था, और इसका लिंक हावड़ा-शिरडी एक्सप्रेस से जुड़ा है। ओवरलोडिंग की शिकायत पर सेंट्रल विजिलेंस ने जांच की कार्रवाई की है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे का नियम है कि सुरक्षा के मद्देनजर लीज होल्डर सिर्फ तय मात्रा में ही पार्सल लोड कर सकते हैं। लेकिन नियमों को ताक पर रखकर किया गया यह खेल यात्रियों की जान पर भारी पड़ सकता था। विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।