अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की जानकारी व नियुक्ति के संबंध में गृहमंत्री ने सदन को दी जानकारी

– अनुकंपा नियुक्ति के पुलिस विभाग में लंबित प्रकरणों के संबंध में आज गृह मंत्री ने सदन में जानकारी दी। गृहमंत्री ने बताया कि प्रदेश से पुलिस विभाग के अनुकंपा नियुक्ति के कुल 296 प्रकरण लंबित है।
रायपुर। अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का निराकरण के संबंध में गृहमंत्री से सवाल आज विधानसभा में विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने पूछा था। जिसके जवाब में गृहमंत्री ने बताया कि नियमानुसार परीक्षण उपरांत और पात्रतानुसार अनुकंपा नियुक्ति विभाग में प्रदान की जारी है। प्रदेश में पुलिस विभाग के अनुकंपा नियुक्ति के कुल 296 प्रकरण लंबित है।
विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने पूछा था कि क्या प्रदेश के पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के शहीद या उनकी मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति देने का प्रावधान है? यदि हां तो प्रदेश में कितने प्रकरण लंबित हैं और उन्हे कब-तक नियुक्ति दे दी जाएगी?
उप मुख्यमंत्री गृह विजय शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति देने के नियम है। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग (नियम शाखा), मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर द्वारा जारी परिपत्र क्रमांक एफ 7-1/2019/1-3 नवा रायपुर दिनांक 15.04.2024 द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में जारी एकजाई पुनरीक्षित निर्देश 2013 एवं उसमें समय-समय पर किए संशोधनों के आधार पर पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाती है। प्रदेश में पुलिस विभाग के अनुकंपा नियुक्ति के कुल 296 प्रकरण लंबित हैं। लंबित प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण उपरांत पात्रतानुसार यथाशीघ्र अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किये जाने के संबंध में कार्यवाही की जावेगी ।