पेट्रोल पंप पर दबंगई, आरक्षक समेत दो पर युवक से मारपीट का आरोप, CCTV वायरल

बिलासपुर । पेट्रोल पंप पर दबंगई का मामला सामने आया है। यहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक की मामूली बाइक टक्कर के बाद जमकर पिटाई कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि मारपीट करने वालों में एक आरक्षक भी शामिल था। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। तारबाहर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक का बाइक की मामूली टक्कर को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि आरक्षक अभिषेक बख्श ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में युवक के साथ मारपीट होती साफ दिखाई दे रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आरक्षक अभिषेक बख्श को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।