प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 साल; सेवा,समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर निकलेगी भाजपा;हर्षिता पाण्डेय

जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान की विस्तृत जानकारी देने के लिए आज भाजपा कार्यालय, जांजगीर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अभियान के दौरान देशभर में सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में हर्षिता पांडे , प्रदेश मंत्री, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ उपस्थित रहीं। उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्य एवं एक माह तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

श्रीमती हर्षिता पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की दीर्घ यात्रा के प्रतीक हैं। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा यह राष्ट्रव्यापी अभियान आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’, विकसित भारत से जुड़े कार्यक्रम, जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सेवा शिविर तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
श्रीमती हर्षिता पांडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाते हुए सेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना के साथ सक्रिय सहभागिता करें।