प्रेमिका के सामने टोका तो लौटा चाकू लेकर…
कारोबारी पर हमला कर हुआ फरार
बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक स्टील कारोबारी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 17 मई 2026 की है, जब बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के मालिक और डीएसपी बद्री नाथ मिश्रा के भाई पशुपतिनाथ मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कारोबारी की जांघ में घुटने के ऊपर चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरस्वती स्टील में कार्यरत एक कर्मचारी को मालिक द्वारा रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहता था। घटना वाले दिन कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को दे गया था। बताया जा रहा है कि वह युवक अपनी प्रेमिका या मंगेतर को लेकर कमरे में आया हुआ था। इसी दौरान सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा वहां पहुंच गए। उन्होंने युवक को कमरे में इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की बात कही। उस समय युवक वहां से चला गया, लेकिन अपनी प्रेमिका के सामने डांट पड़ने से वह नाराज हो गया। कुछ देर बाद युवक अपने साथियों के साथ वापस लौटा और चाचा दरवाजा खोलो कहकर दरवाजा खुलवाया।
दरवाजा खुलते ही उसने गुड्डू मिश्रा पर चाकू से हमला
कर दिया और साथियों के साथ फरार हो गया। थाना सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 363/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 333, 351(3), 118(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
परिजन बोले,चौंक चौराहे पर नहीं रहती है पुलिस
परिजनों का आरोप है कि तारबाहर से लेकर सिरगिट्टी बन्नाक चौक तक पुलिस का गश्त नहीं रहता है।अगर पुलिस का चेकिंग अभियान चलता और चप्पे चप्पे पर पुलिस रहती तो शायद यह घटना नहीं होती।लेकिन पुलिस नाम मात्र की ड्यूटी करती है जिसके कारण बड़ा हादसा हुआ है।
कारोबारी डीएसपी के भाई है
बता दे कवर्धा में पदस्थ डीएसपी बद्री नाथ मिश्रा के भाई पशुपति नाथ मिश्रा है।जिन्होने घटना की खबर पाकर पुलिस को सूचना दी उसके बाद भी पुलिस ने आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया है।