प्रेम संबंध में युवती के निजी फोटो-वीडियो वायरल कर किया बदनाम,विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

व्हाट्सएप से छेड़छाड़ कर पीड़िता के स्टेटस पर अपलोड किए निजी वीडियो
तोरवा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में भेजा जेल
बिलासपुर। भरोसे के रिश्ते का खौफनाक अंत बिलासपुर में सामने आया है। एक युवती के निजी फोटो और वीडियो को हथियार बनाकर उसे बदनाम करने की कोशिश करने वाले युवक को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित तौर पर युवती के व्हाट्सएप खाते से छेड़छाड़ कर उसके ही स्टेटस पर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
तोरवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता तोरवा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका पूर्व परिचित प्रशांत राज (23), निवासी ग्राम खैरा रतनपुर, के पास दोनों के निजी पलों के फोटो और वीडियो सुरक्षित थे। आरोप है कि संबंध बिगड़ने के बाद युवक ने बदनाम करने की नीयत से उन निजी सामग्रियों का दुरुपयोग किया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता के व्हाट्सएप खाते से छेड़छाड़ की और उसके ही व्हाट्सएप स्टेटस पर निजी वीडियो तथा एडिट किए गए फोटो अपलोड कर दिए, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के ग्राम खैरा रतनपुर में होने की जानकारी मिली। टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
निजी तस्वीरों एवं वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग तथा ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे अपराधों की गंभीरता
पुलिस ने बताया कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विस्तृत जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।यह मामला एक बार फिर डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग और निजी तस्वीरों एवं वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग तथा ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे अपराधों की गंभीरता को सामने लाता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।