Blog

फर्जी दस्तावेज तैयार कर रिटायर्ड रेलकर्मी की जमीन बेचने का आरोप,….दो के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में जमीन की फर्जी बिक्री का मामला सामने आया है। रिटायर्ड रेलवे लोको पायलट कलीराम सतनामी की शिकायत पर पुलिस ने दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पाण्डेय के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आदर्श नगर वार्ड क्रमांक 10 सिरगिट्टी निवासी 74 वर्षीय कलीराम सतनामी ने थाने में लिखित शिकायत दी है कि उनके नाम पर मौजा सिरगिट्टी में खसरा नंबर 137/8 की 12 डिसमिल भूमि दर्ज है। वर्तमान रिकॉर्ड में उनकी जमीन 12 डिसमिल से घटकर 9 डिसमिल दर्ज हो गई, जिसके बाद उन्होंने रकबा संशोधन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। तहसील कार्यालय द्वारा मामले की जांच के लिए हल्का पटवारी को निर्देश दिया गया। जांच के दौरान पता चला कि वर्ष 2023-24 में उक्त भूमि में से 3 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है। इस जानकारी के बाद कलीराम ने रजिस्ट्री कार्यालय बिलासपुर से दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त की, जहां उन्हें पता चला कि उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को कलीराम सतनामी बताकर फर्जी तरीके से जमीन की बिक्री कर दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दीपक मिश्रा और रमेश कुमार पाण्डेय ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर तथा फर्जी व्यक्ति खड़ा कर 3 डिसमिल भूमि की बिक्री धसरी लक्ष्मी के नाम कर दी। पीड़ित ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने कभी भी उक्त जमीन नहीं बेची है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *