बहते पानी में रील का रोमांच भारी न पड़ जाए….बिलासपुर पुलिस अलर्ट,पर्यटन स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी…पुलिस ने सिखाया सबक

बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के
बीच नदी-नाले, एनीकट और बांध उफान पर हैं। इसके बावजूद कई लोग बहते पानी में उतरकर स्टंटबाजी और रील बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब सख्त हो गई है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा, रतनपुर समेत जिले के पर्यटन स्थलों और जलाशयों के आसपास पुलिस की विशेष ड्यूटी लगा दी गई है। पुलिस लोगों को समझाइश भी दे रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती भी कर रही है।

दरअसल मानसून की बारिश ने जिले के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती तो बढ़ा दी है, लेकिन इसके साथ ही लापरवाही का खतरा भी बढ़ गया है। बरसात के मौसम में जिले के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। तेज बहाव वाले पानी के बीच कई युवक अपनी जान जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे हैं और सोशल मीडिया के लिए रील व वीडियो बना रहे हैं।
जिले के कोटा, रतनपुर क्षेत्र के बांधों और अलग-अलग स्थानों पर बने एनीकटों में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है। इसके बावजूद इन जगहों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कई लोग तेज बहाव वाले पानी में छलांग लगाकर स्टंट कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग खतरनाक जगहों पर खड़े होकर फोटो और वीडियो शूट कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
बहते पानी में स्टंटबाजी के कई फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने इसे केवल नियम उल्लंघन नहीं, बल्कि जानलेवा लापरवाही माना है।

थोड़ी-सी चूक भी बड़े हादसे में बदल सकती है
अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी-सी चूक भी बड़े हादसे में बदल सकती है।
संभावित हादसों को रोकने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को पर्यटन स्थलों, बांधों और एनीकटों पर निगरानी के लिए तैनात करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की टीमें लगातार संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर रही हैं और लोगों को बहते पानी से दूर रहने की सलाह दे रही है।
बहते पानी में उतरना या स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है
पुलिस मौके पर मौजूद लोगों को लगातार समझाइश दे रही है कि बहते पानी में उतरना या स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति चेतावनी को नजरअंदाज करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले रोकना है।
बारिश के मौसम में नदी,नाले,एनीकट और बांधों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए
बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले, एनीकट और बांधों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। कुछ सेकंड की रील या रोमांच के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित पर्यटन का संदेश दूसरों तक भी पहुंचाएं।