काम के बदले रिश्वत मांगना पड़ा भारी, पामगढ़ तहसील के दो अधिकारी 35 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जांजगीर।पामगढ़ तहसील कार्यालय से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों अधिकारियों ने चोरभट्टी धान केंद्र के प्रभारी से काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी। लगातार मांग से परेशान होकर धान केंद्र प्रभारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।जैसे ही तय रकम 35 हजार रुपये दी गई, ACB की टीम ने मौके पर ही नायब तहसीलदार और पटवारी को घूस की रकम के साथ पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई से तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल है, वहीं ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।