भादो की फुहारों के बीच समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद ने मनाया तीज मिलन उत्सव

छुईखदान -: भादो की फुहारों और तीज पर्व की पारंपरिक उमंग के बीच समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद, जिला खैरागढ़-गंडई-छुईखदान द्वारा बुधवार, 9 सितंबर को रियासतकालीन रानी मंदिर परिसर में तीज मिलन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संगठन की जिला सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात जिला अध्यक्ष श्रीमती डॉली तिवारी ने उपस्थित सुहागिन मातृशक्तियों के माथे पर कुमकुम-तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया तथा सुहाग प्रसाधन सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की। इस अवसर पर रिश्तों की आत्मीयता, दांपत्य जीवन की मंगलकामना और जीवन में उमंग के भावों को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, कविता, मनोरंजक खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भादो की पारंपरिक छटा को जीवंत किया गया। उत्साह, उमंग, आत्मीयता और संस्कृति के रंगों से सराबोर इस आयोजन से पूरा वातावरण तीजमय हो गया।
तीज मिलन समारोह के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों, कविताओं और मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन ने न केवल महिलाओं को आपसी मेल-मिलाप और आत्मीयता का अवसर प्रदान किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और तीज पर्व की लोक भावना को भी जीवंत किया।
अंत में उपस्थित सभी मातृशक्तियों ने एक-दूसरे को हरितालिका तीज की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आयोजन का उल्लासपूर्ण समापन किया। कार्यक्रम ने महिला एकजुटता, सामाजिक सहभागिता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद, जिला खैरागढ़-गंडई-छुईखदान की विभिन्न पदाधिकारी एवं सहयोगी बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रूपा उपाध्याय, जिला प्रभारी श्रीमती उमा चौबे, जिला संयोजिका श्रीमती अंजू पांडेय तथा जिला संगठन विस्तार प्रमुख श्रीमती शैल शर्मा सहित सहयोगी बहनों शैल त्रिपाठी, सोनिया दुबे, अंजू तिवारी, श्याम तिवारी, मीना तिवारी, अर्चना दुबे, रेणु चौबे, रेणु त्रिपाठी, कविता चौबे, आरती तिवारी, खुशबू शर्मा, विमला शर्मा, भारती त्रिपाठी एवं गायत्री तिवारी सहित अन्य मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।