संसाधन नहीं तो काम नहीं के सिद्धांत पर तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों का प्रदर्शन….तहसीलदार बोले,30 जुलाई तक मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

आज होगा रायपुर प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन
तहसीलदारों के हड़ताल पर जाने से रुका काम
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले प्रदेश के समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार संसाधन नहीं तो काम नहीं के नारे के साथ अपनी 17 सूत्रीय मांगो को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को संभाग स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया गया ।

यह प्रदर्शन शासन के लंबे समय से लंबित कार्यक्षमता से जुड़ी समस्याओं, संसाधनों की कमी, पदोन्नति एवं संरचनात्मक सुधार की मांगों की अनदेखी के विरोध में किया जा रहा है। इसी कड़ी में संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन मुंगेली नाका चौक में किया गया।
जिसमें बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 8 जिलों के 160 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार ने बिलासपुर के प्रगति मैदान मुंगेली नाका में धरना प्रदर्शन किए।

धरना स्थल में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरें , प्रदेश प्रवक्ता शशिभूषण सोनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव प्रशांत पटेल , प्रदेश सहसचिव उज्ज्वल पाण्डेय,प्रदेश सह प्रवक्ता विभोर यादव ,संघ के संभाग उपाध्यक्ष अतुल वैष्णव एवं गरिमा ठाकुर तथा संभाग के सभी आठ जिलों के जिला अध्यक्ष सहित सदस्य उपस्थित रहे।

धरना प्रदर्शन में संघ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे ने अपने 17 सूत्रीय मांग को शासन के समक्ष रखते हुए कहा की हमारी मांग जायज है और शासन को पूरा करना चाहिए जिससे जनता के कार्य सुलभता एवं शीघ्रता के साथ किया जा सके। संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी ,छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष जीआर चन्द्रा एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र दवे ने मंच में आकर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के 17 सूत्रीय मांग का समर्थन किया,साथ ही शासन से मांग पूरी करने का आह्वान भी किया गया।

*आज होगा रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन*
छत्तीसगढ़ कनिष्क प्रशासनिक संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि 30 जुलाई को प्रदेश स्तरीय धरना रायपुर में प्रदर्शन किया जाएगा जहां प्रदेश के लगभग 600 तहसीलदार,नायब तहसीलदार प्रदर्शन करेंगे एवं 30 जुलाई तक यदि शासन मांग पूरा नहीं करती है तो संघ प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने के लिए बाध्य होगा

*तहसीलदारों की मुख्य मांग*
डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नति के अनुपात को पूर्व की भांति 50:50 करना।
पूर्व मांग व घोषणा अनुसार नायब तहसीलदार के पद को राजपत्रित करना।
प्रत्येक तहसील में स्थायी स्टाफ , शासकीय वाहन, ड्राइवर एवं ईंधन की उपलब्धता
न्यायिक मामलों में न्यायिक अधिकारी संरक्षण अधिनियम का अनुपालन
सुरक्षा सहित सम्पूर्ण 17 सूत्रीय मांगें पर पहल ।