रतनपुर पुलिस की शराब कोचिये पर कार्रवाई, 25 लीटर महुआ शराब जब्त

बिलासपुर । जिले में अवैध शराब के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिये को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चपोरा स्थित राधे ढाबा के पीछे अवैध रूप से महुआ शराब रखी गई है। सूचना पर रतनपुर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां ढाबा संचालक गोवर्धन सिंह पोर्ते के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
आरोपी गोवर्धन सिंह पोर्ते, उम्र 50 वर्ष, ग्राम चपोरा का रहने वाला है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्र.आर. सैय्यद अकबर अली, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।